नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया जिले के आरएस थाना क्षेत्र अंतर्गत कदवा गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 25 वर्षीय महिला हिना परवीन की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वार्ड नंबर 12 स्थित एक मकई के खेत में उसका गला रेतकर शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका हिना परवीन गांव के ही निवासी असलम की दूसरी पत्नी थी। परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हिना अपनी सौतन के साथ खेत में घास काटने गई थी। इसी दौरान उसके दो वर्षीय बेटे के रोने की सूचना मिलने पर वह घर लौटी, बच्चे को दूध पिलाया और कुछ देर बाद फिर से खेत चली गई। बताया जा रहा है कि हिना के खेत वापस जाने के बाद उसकी सौतन घर लौट आई थी।
करीब एक घंटे तक हिना के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू की गई। जब परिजन खेत पहुंचे तो वहां का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। हिना का शव खेत में पड़ा था और उसका गला तेज धारदार हथियार से रेता गया था। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर आरएस थाना प्रभारी अंकुर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। इसके साथ ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार और एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पिता अब्दुल ने इस जघन्य हत्या पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला गला रेतकर हत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।





















