नजरिया न्यूज़, अररिया।
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन के निर्देश पर बुधवार को जिले के सभी पंचायतों में अवस्थित विद्यालयों का जांच पदाधिकारियों द्वारा निरीक्षण गया। यह निरीक्षण सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा प्रशासनिक संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया।
निरीक्षण के क्रम में 25 शिक्षक अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए हैं, जिनके विरुद्ध जिलाधिकारी के निर्देश पर नियमानुकूल कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
निर्धारित जांच के तहत प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों द्वारा आवंटित क्षेत्रों के विद्यालयों में पहुंचकर शिक्षण व्यवस्था, शिक्षक उपस्थिति, छात्र उपस्थिति तथा मूलभूत सुविधाओं की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना, पेयजल एवं शौचालय की उपलब्धता, विद्यालय प्रबंधन समिति की सक्रियता सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी ली गई।
जांच के क्रम में यह भी देखा गया कि विद्यालयों में नामांकित छात्रों की तुलना में वास्तविक उपस्थिति का प्रतिशत क्या है तथा मध्याह्न भोजन के अभिलेखों का संधारण सही तरीके से किया जा रहा है या नहीं। साथ ही, खाद्यान्न की आपूर्ति, भंडारण व्यवस्था एवं दैनिक उपभोग से संबंधित रजिस्टरों का भी मिलान किया गया।
निरीक्षण के उपरांत सभी पदाधिकारियों द्वारा जांच प्रतिवेदन निर्धारित प्रपत्र में आज ही जिला शिक्षा पदाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिन विद्यालयों में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, उन्हें बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।





















