नजरिया न्यूज़, अररिया।
जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन के जनता दरबार में प्राप्त एक संवेदनशील मामले का त्वरित समाधान करते हुए मानवता और प्रशासनिक तत्परता की मिसाल पेश की गई।
जनता दरबार में आवेदिका दुलारी देवी, पति स्वर्गीय दिनेश पासवान, निवासी सा०-ईदगाह, वार्ड संख्या-12, पंचायत ढोलबज्जा, थाना-फारबिसगंज, जिला अररिया द्वारा आवेदन समर्पित कर अनुरोध किया गया था कि उनके पति का मृत्यु प्रमाण-पत्र तमिलनाडु राज्य के थुथुकुड़ी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल से निर्गत नहीं हो पा रहा है। क्योंकि वे असहाय स्थिति में थुथुकुड़ी नहीं जा सकती हैं।
आवेदिका ने बताया कि उनके पति दिनेश पासवान (उम्र लगभग 40 वर्ष) तमिलनाडु के तिरुचेंदूर क्षेत्र में कार्यरत थे। दिनांक 16 जुलाई 2025 को कार्य समाप्त कर घर लौटने के दौरान पीछे से आई बस की टक्कर में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें थुथुकुड़ी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहाँ इलाज के दौरान 17 जुलाई 2025 को उनकी मृत्यु हो गई।
आर्थिक एवं अन्य कारणों से आवेदिका का तमिलनाडु जाना संभव नहीं था। ऐसे में उन्होंने जिला पदाधिकारी से मृत्यु प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए तमिलनाडु के थुथुकुड़ी जिला के जिला पदाधिकारी से संपर्क स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी के प्रयासों के फलस्वरूप मृतक दिनेश पासवान का आज मृत्यु प्रमाण-पत्र आवेदिका को उपलब्ध कराया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा स्वयं आवेदिका दुलारी देवी को उनके पति का मृत्यु प्रमाण-पत्र सौंपा गया। इस दौरान भावुक आवेदिका ने जिला पदाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया। मृत्यु प्रमाण-पत्र का निर्गत होना जहाँ आवेदिका के लिए राहत और संतोष का विषय है, वहीं यह जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।





















