नजरिया न्यूज़, पूर्णिया।
दिनांक 27.04.2026 को पुलिस अधीक्षक महोदया के निर्देशानुसार पूर्णिया जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण, आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम तथा बैंक परिसरों में सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करना था।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक शाखाओं में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अलार्म सिस्टम, गार्ड की तैनाती तथा प्रवेश-निकास व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही बैंक प्रबंधकों और कर्मियों को सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का निर्देश दिया गया।
पुलिस टीम ने ग्राहकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बैंक के आसपास गश्ती व्यवस्था को भी मजबूत करने की बात कही। कई स्थानों पर सुरक्षा मानकों में सुधार के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि इस तरह का निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाया जाएगा, ताकि बैंकिंग व्यवस्था सुरक्षित बनी रहे और आमजन निडर होकर अपने वित्तीय कार्य कर सकें।





















