नजरिया न्यूज़, पूर्णिया।
दिनांक 27.04.2026 को पुलिस अधीक्षक महोदया के आदेशानुसार अपराध नियंत्रण एवं असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पूर्णिया जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती कर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की गई।
जांच के दौरान वाहन चालकों से आवश्यक कागजात जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र एवं बीमा की जांच की गई। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। बिना कागजात या नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों की आवाजाही पर रोक लगाना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
इस अभियान से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है।





















