नजरिया न्यूज़, अररिया।
जिले में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी कड़ी में समाहरणालय स्थित परमान सभागार में जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के तहत आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल 24 मामलों की सुनवाई की गई और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निष्पादन के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
जनता दरबार में कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ। रुकमनी देवी द्वारा अपने परिवार के सदस्य का नाम राशन कार्ड में जोड़ने हेतु दिया गया आवेदन जिलाधिकारी ने ऑन-द-स्पॉट निष्पादित कर दिया। इस त्वरित कार्रवाई से आम लोगों को राहत मिली और कार्यक्रम की उपयोगिता भी साबित हुई।
इसके अलावा, नीरज कुमार ने बेल्ट्रॉन के माध्यम से डीईओ पद पर कार्यरत रहने के बावजूद भुगतान नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं अनिल शाह ने जमीन रजिस्ट्री पर लगी रोक हटाने की मांग रखी। हृदेश्वर प्रसाद ठाकुर ने अपनी खतियानी जमीन पर जबरन घर निर्माण की शिकायत की, जबकि कृष्ण चंद्र शाह ने जेबीसी नहर से जुड़े राजस्व अभिलेख में गड़बड़ी का मामला उठाया।
अन्य फरियादियों में ललित नारायण झा ने सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। मिथिलेश ऋषि देव ने नल-जल योजना के तहत कार्यरत ऑपरेटर के मासिक भुगतान नहीं मिलने की समस्या रखी। वहीं चंदन कुमार शाह ने सीमा सड़क पथ जोगबनी से कलियागंज कुंआड़ी तक अर्जित भूमि के मुआवजा भुगतान से संबंधित मामला दर्ज कराया।
जिलाधिकारी श्री विनोद दूहन ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का पारदर्शी, समयबद्ध और संतोषजनक समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





















