नजरिया न्यूज़
अररिया शहर के एबीसी नहर मार्ग पर शनिवार को अपराधियों ने लूट की कोशिश के दौरान एक माइक्रोफाइनेंस कर्मी को गोली मार दी। घटना गोढ़ी चौक से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई। घायल की पहचान 26 वर्षीय रुस्तम के रूप में हुई है, जो भारत माइक्रोफाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार, रुस्तम अपने साथियों के साथ पूर्णिया के बायसी रौटा से काम खत्म कर लौट रहे थे। गोढ़ी चौक पर चाय पीने के बाद वह अकेले नहर मार्ग से घर जा रहे थे, तभी केटीएम बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके पैर में गोली मार दी।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिससे अपराधी बिना लूटपाट किए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत में उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया।
इधर अररिया एसपी जितेंद्र कुमार ने फोन पर बताया कि लूटपाट नहीं हुई है। हर एंगल से पुलिस जाँच कर रही है।






















