जोकीहाट (अररिया): बिहार के अररिया जिले की थाना पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए युवक की हत्या का मामला महज 6 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसने अपना जुर्म भी कबूल किया है।
मामला 21 अप्रैल 2026 का बताया जा रहा है। सुबह पुलिस को सूचना मिली कि जोकीहाट थाना क्षेत्र के काकन टोल प्लाजा से लगभग 500 मीटर उत्तर दिशा में एक खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही जोकीहाट पुलिस मौके पर पहुच कर शब को अपने कब्जे मैं ले लिया। मृतक की पहचान मो० सबूल (30 वर्ष), पिता जमाल, साकिन सिकटिया (वार्ड 04) के रूप में हुई। अपराधी ने धारदार हथियार से सबूल का गला रेत कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अररिया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य जैसे सी०डी०आर० और सी०सी०टी०वी० फुटेज को खंगाला। परिजनों के संदेह और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने मो० एकराम, पिता अकबाल, निवासी बोरिया को हिरासत में लिया।
कड़ी पूछताछ के बाद आरोपी मो० एकराम ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान बरामद किए।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतक और आरोपी आपस में रिश्तेदार थे। उनके बीच लंबे समय से जमीन और कुछ रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अकेले ही इस पूरी वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस द्वारा की गई बरामदगी: घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार (दबिया) ,मृतक का मोबाइल फोन (तालाब से बरामद) ,मृतक की मोटरसाइकिल , खून से सनी हुई लुंगी, जिसे आरोपी ने घटना के समय पहना और आरोपी का अपना मोबाइल फोन।
इस सफल उद्भेदन में जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा, पु०अ०नि० इम्तियाज खान, पंकज कुमार, सुभाष चंद्रा और सिपाही अर्जुन कुमार व कारु कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने इस संबंध में जौकीहाट थाना कांड संख्या 164/26 दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।





















