नजरिया न्यूज़ , अररिया |
अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई संध्या गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 अप्रैल 2026 को करीब 2:20 बजे सिपाही कुन्दन कुमार एवं सिपाही रंग बहादुर सिंह संध्या गश्ती पर निकले थे। करीब 2:30 बजे रानीगंज बाजार में गश्ती के दौरान उन्हें सूचना मिली कि डुमरिया बाजार स्थित एक फोटोस्टेट दुकान में कुछ लोग अवैध रूप से फर्जी आधार कार्ड बनाने का काम कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल छापेमारी के लिए टीम रवाना हुई।
जैसे ही पुलिस टीम डुमरिया चौक स्थित संदिग्ध दुकान पर पहुंची, वहां मौजूद चार व्यक्ति भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दो अन्य फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो० अताउर्रब कौसर उर्फ वसीम (30 वर्ष), निवासी मखदुमपुर, कटिहार तथा इम्तियाज अहमद (32 वर्ष), निवासी गोलाघाट, कटिहार के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं, जिनमें दो लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, फिंगर व आई स्कैनिंग डिवाइस, वेब कैमरा, डेटा केबल, 14 आधार कार्ड, 100 से अधिक आधार अपडेट फॉर्म, जन्म प्रमाण पत्र, वोटर आईडी, सिलिकॉन से बने फिंगर क्लोन तथा 18 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दूसरे राज्यों के पहचान पत्रों और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने एवं अपडेट करने का कार्य कर रहे थे। यह गतिविधि राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत गंभीर और संवेदनशील अपराध है।
इस पूरे अभियान का नेतृत्व रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने किया, जिसमें अन्य पुलिसकर्मियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।





















