अररिया: जिले के सिकटी थाना क्षेत्र के बोका मजरख वार्ड संख्या 01 में मकई की फसल क्षति को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित योगेन्द्र पासवान (36 वर्ष), पिता स्व. गंगा पासवान ने पुलिस अधीक्षक अररिया को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, 30 मार्च 2026 को सुबह करीब 10 बजे गांव के ही रघुनाथ पासवान (42 वर्ष) एवं शकुन्तला देवी (35 वर्ष) ने आपसी दुश्मनी के कारण उनके खेत में लगी मकई की फसल को तोड़-मरोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडा, मुक्का से बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि शकुन्तला देवी ने उन्हें पकड़ लिया, जबकि रघुनाथ पासवान ने तेज धारदार चाकू से जान मारने की नीयत से हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।
पीड़ित ने बताया कि जब उनकी पत्नी बचाने पहुंची तो उसके साथ भी मारपीट की गई। हल्ला सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। परिजनों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल अररिया में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने पूर्णिया रेफर कर दिया।
पीड़ित का कहना है कि घटना के दिन ही सिकटी थाना में आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरा पक्ष लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है, जिससे पूरा परिवार भयभीत है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले में उचित कार्रवाई करने और संबंधित थाना को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है।



















