नजरिया न्यूज़, अररिया
जिले में 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित होने वाले 8वें पोषण पखवाड़ा के सफल क्रियान्वयन एवं विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में उद्घाटन सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम का जिलाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया किया गया। इससे पूर्व की जिलाधिकारी महोदय का जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्रीमती कविता कुमारी द्वारा पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
पोषण पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य बच्चों के जीवन के प्रथम छह वर्षों में मस्तिष्क के समुचित एवं सर्वोत्तम विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक बाल उद्दीपन (Early Child Stimulation) के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना है। इस अवधि में निर्धारित गतिविधि कैलेंडर एवं अवधारणा नोट के अनुरूप कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, साथ ही स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष गतिविधियां भी संचालित होंगी। सभी गतिविधियों की प्रविष्टि जन-आंदोलन डैशबोर्ड पर सुनिश्चित की जा रही है तथा जिला एवं परियोजना स्तर से इसकी सतत निगरानी की जा रही है।
वर्ष 2026 के पोषण पखवाड़ा के तहत पांच प्रमुख थीम निर्धारित किए गए हैं। 9 से 15 अप्रैल तक मातृ एवं शिशु पोषण एवं 0-3 वर्ष के बच्चों के लिए प्रारंभिक उत्तेजना पर विशेष बल दिया जा रहा है, जिससे गर्भवती महिलाओं एवं छोटे बच्चों में पोषण एवं देखभाल व्यवहार सुदृढ़ हो तथा बच्चों के संज्ञानात्मक एवं भाषा विकास को बढ़ावा मिले। वहीं 16 से 23 अप्रैल तक 3-6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षा के माध्यम से स्कूल रेडीनेस एवं समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही बच्चों में स्क्रीन टाइम में कमी लाकर स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पूरे पखवाड़े के दौरान मजबूत आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण हेतु सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत निर्धारित सभी गतिविधियों का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करें तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी से इसे जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करें, ताकि कुपोषण मुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में ठोस प्रगति सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी रेणु कुमारी, अहमद रजा खान, जिला समन्वयक कुणाल श्रीवास्तव सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित रहीं।





















