नजरिया न्यूज़, अररिया।
सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत समाहरणालय स्थित परमान सभागार में सोमवार को जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 87 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनकी क्रमवार सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार में सरवन कुमार ने खतियानी जमीन का फर्जी केवाला बनाकर परेशान किए जाने की शिकायत की, जबकि महादेव झा ने सरकारी जमीन पर सड़क निर्माण कराने हेतु शिकायत दर्ज कराया गया। कसेरा खातून ने वृद्धा पेंशन में त्रुटि सुधार का मामला रखा, वहीं इंजरून ने इंदिरा आवास योजना का लाभ दिलाने की गुहार लगाई।
इसके अलावा प्रमोद कुमार सिंह ने निजी जमीन पर दखल-कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई तथा खुशबू कुमारी ने शिक्षा विभाग द्वारा वेतन भुगतान नहीं किए जाने की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित जांच एवं निष्पादन का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता दरबार आम लोगों की समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम है और इसमें प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।





















