अररिया जिले के रानीगंज-सरसी मुख्य मार्ग (एसएच-77) पर शुक्रवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इंद्रपुर गांव के समीप एक ऑटो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया, जिसमें सवार चार शिक्षिकाएं और ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों की पहचान कविता देवी (31) निवासी मझुआ पश्चिम, कुमारी अर्चना यादव (26) निवासी उत्तर प्रदेश, रेणु देवी (55) निवासी बेगूसराय, चंद्ररेखा देवी (56) निवासी रानीगंज और ऑटो चालक मुकेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी शिक्षिकाएं प्रतिदिन की तरह ऑटो से अपने-अपने स्कूल जा रही थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जैसे ही ऑटो इंद्रपुर गांव के पास पहुंचा, अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ऑटो सीधे सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया और आनन-फानन में इलाज के लिए रेफरल अस्पताल रानीगंज ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया।
चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में तीन शिक्षिकाओं की हालत गंभीर पाई गई, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य घायलों का इलाज रानीगंज में ही चल रहा है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा गया। लोगों का कहना है कि सड़क पर आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं अक्सर होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं और आवारा पशुओं पर नियंत्रण किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।





















