संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
अररिया जिले में एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एंबुलेंस में एक EMT घायल हो गए। यह हादसा जोकीहाट–बहादुरगंज मार्ग पर टोल टैक्स के पास हुआ, जहां पलासी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस पहले से खड़ी एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस के EMT ब्रजकिशोर (उम्र 35 वर्ष) को गंभीर चोटें आईं, जबकि चालक नवाजिश नसीम को हल्की चोटें आईं। एंबुलेंस में सवार मरीज और उनके परिजन इस दुर्घटना में बाल-बाल बच गए।घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल EMT और चालक को सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, चिकित्सकों ने EMT ब्रजकिशोर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए
हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।स्थानीय लोगों ने सड़क पर खड़े वाहनों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है। उन्हें चिंता है कि इस तरह की घटनाओं से जानमाल का नुकसान हो सकता है। वे यह चाहते हैं कि प्रशासन इस मार्ग पर उचित यातायात व्यवस्था और पार्किंग को नियंत्रित करे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।



















