– जिले से अब तक 100 से ज्यादा बच्चों का सफल ऑपरेशन कराया गया है
बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले से जन्मजात हृदय रोग से चिन्हित कुल 38 बच्चों को बाल हृदय योजना अंतर्गत इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान के परिसर में श्री सत्य साईं हृदय अस्पताल, अहमदाबाद के सहयोग से आयोजित विशेष शिविर में हृदय रोग से संबंधित जांच हेतु एंबुलेंस के माध्यम से सुरक्षित रवाना किया गया। इस सम्बन्ध मे जिले के सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार ने बताया की पश्चिम चंपारण जिला से अब तक करीब 100 बच्चों का सफल ऑपरेशन इस योजना के तहत कराया गया है। सोमवार को जिला लेखा प्रबंधक जिला स्वास्थ्य समिति के द्वारा एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर बच्चों को आईजीआईसी,पटना रवाना किया गया। जहाँ बच्चों की स्क्रीनिंग की जाएगी,
वहीं गंभीर बच्चों को बिहार सरकार अपने खर्चे पर हवाई जहाज द्वारा उनके परिजनों के साथ, श्री सत्य साई अस्पताल अहमदाबाद भेजकर उनकी निशुल्क शल्य चिकित्सा कराएगी। अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रमेश चंद्रा ने कहा की आरबीएसके चिकित्सकों के द्वारा मरीजों को आंगनबाड़ी एवं विद्यालयों से चिन्हित किया जाता है। आरबीएसके डीसी डॉ रंजन कु.मिश्रा ने बताया कि टीम के साथ फार्मासिष्ट को बच्चों व अभिभावकों के साथ भेजा जा रहा है। उन्होंने जिले वासियों को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा की किसी भी 18 वर्ष तक के बच्चों को हृदय रोग से सम्बधित शिकायत हो तो अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से बिना देरी सम्पर्क करें क्योंकि समय पर जाँच आवश्यक है।
उक्त मौके पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक डॉ रंजन मिश्रा, चिकित्सक, फार्मासिस्ट एवं जिला स्वास्थ्य समिति के स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।















