नजरिया न्यूज़, अररिया विकास प्रकाश
अररिया जिले के कुआड़ी थाना से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां थाना अध्यक्ष को एक महिला सिपाही के साथ कथित आपत्तिजनक स्थिति में देखे जाने के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही तस्वीरों ने पुलिस विभाग की छवि पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि वायरल तस्वीरें थाना परिसर के अंदर ड्यूटी के दौरान ली गई हैं। इनमें थाना अध्यक्ष प्रेम प्रकाश शर्मा और सीसीटीएनएस से जुड़ी महिला कर्मी को आपत्तिजनक स्थिति में दिखाए जाने का फ़ोटो और वीडियो सरकारी व्हाट्सएप ग्रुप में डाला गया था। परंतु समय रहते वीडियो और फोटो को डिलीट किया गया। सूत्रों के अनुसार, थाना अध्यक्ष शादीशुदा हैं, जबकि संबंधित महिला कर्मी अविवाहित बताई जा रही हैं।
मामले के सामने आते ही अररिया एसपी जितेंद्र कुमार ने सख्त रुख अपनाया। प्राथमिक जांच में तस्वीरों की पुष्टि होने के बाद थाना अध्यक्ष को पद से हटा दिया गया और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए गए। एसपी ने प्रेसवार्ता में इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने पुलिस विभाग में अनुशासन और आचरण को लेकर नई बहस छेड़ दी है। थाना जैसे संवेदनशील और सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की गतिविधियां न केवल विभागीय मर्यादा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि आम जनता के विश्वास को भी कमजोर करती हैं।
कानून के जानकारों का मानना है कि यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मामला सिर्फ व्यक्तिगत नहीं बल्कि सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन का गंभीर उदाहरण बन सकता है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम पर सबकी नजर टिकी हुई है और आगे की जांच में क्या खुलासा होता है, यह देखना अहम होगा।











