नजरिया न्यूज़, अररिया।
जिले में एलपीजी गैस की सुचारु आपूर्ति एवं पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस आपूर्ति से जुड़ी वर्तमान स्थिति, उपभोक्ताओं को हो रही समस्याओं तथा वितरण प्रणाली के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं को गैस की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने गैस एजेंसियों की नियमित निगरानी, समय पर डिलीवरी और निर्धारित दर पर ही सिलेंडर उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। साथ ही, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान यह भी निर्देश दिया गया कि गैस वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की पुनः विस्तृत समीक्षा के लिए शुक्रवार को फिर से बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि सभी बिंदुओं की गहन समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी अररिया, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अररिया, नगर कार्यपालक पदाधिकारी अररिया सहित विभिन्न तेल कंपनियों के एरिया मैनेजर एवं पेट्रोलियम के अधिकारी उपस्थित रहे।

















