कुशेश्वर स्थान। (दरभंगा)
कुशेश्वरस्थान प्रखंड के मझियाम गांव स्थित कटवारा घाट में मंगलवार को शांति सर्वज्ञा हेल्थ केयर का उद्घाटन भाजपा के जिला महामंत्री संजय सिंह उर्फ पप्पू सिंह, समाजसेवी शांति देवी एवं हरेकृष्ण सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर संजय सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने कहा कि इस सुदूर क्षेत्र में अस्पताल के खुलने से ग्रामीण इलाकों के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी और उन्हें इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
अस्पताल के डॉ. मनीष कुमार सिंह ने बताया कि उद्घाटन के मौके पर नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 150 मरीजों का मुफ्त इलाज कर आवश्यक दवाइयां दी गई। शिविर में पटना के शांति हॉस्पिटल के हड्डी एवं नस रोग विशेषज्ञ डॉ. सुशील कुमार सिंह, शिशु एवं नवजात शिशु विशेषज्ञ डॉ. नीति कुमारी, डॉ. अमित कुमार, डॉ. रोहित कुमार सहित अन्य चिकित्सकों ने मरीजों का बीपी, शुगर, हड्डी एवं नस से संबंधित समस्याओं का इलाज किया। डॉ. मनीष कुमार सिंह ने बताया कि अस्पताल में हड्डी रोग, जनरल फिजिशियन, शिशु रोग ओपीडी, नेबुलाइजर सहित कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। मौके पर मुखिया विमल चंद खां, भाजपा किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मणिकांत झा, डॉ. ब्रजेश कुमार, राम विनय सिंह, विजय सिंह, मुन्ना सिंह, रविन्द्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।





















