कुशेश्वरस्थान पूर्वी।
कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को वाहन जांच अभियान के दौरान कमला बलान नदी स्थित उसरी घाट पुल के पास बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवकों को रोका गया।
तलाशी के दौरान एक युवक के पास से देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान ग्रीस कुमार के रूप में हुई है, जिसके कमर से हथियार मिला। वहीं, उसके साथ मौजूद संजीत कुमार मुखिया और सौरभ कुमार मुखिया को भी सहयोग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने मौके से बिना नंबर प्लेट की बाइक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। सभी आरोपितों को पहले स्वास्थ्य जांच के लिए भेजा गया, इसके बाद न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता का संदेश गया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।





















