कुशेश्वरस्थान पूर्वी |
पंजाब पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अपहरण के एक मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को भी सकुशल बरामद किया है।
थाना अध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी लुधियाना जिले के दखा थाना क्षेत्र के मुल्लापुर गांव के निवासी हैं।
जानकारी के अनुसार, 29 मार्च 2026 को पंजाब में दर्ज कांड संख्या 65/26 के तहत दोनों पर नाबालिग लड़की के अपहरण का आरोप है। मामले की जांच के दौरान पंजाब पुलिस की टीम आरोपियों की तलाश में कुशेश्वरस्थान पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के दौरान दो नाबालिग लड़कियों को भी बरामद किया गया, जिन्हें सुरक्षित अभिरक्षा में भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पंजाब पुलिस अपने साथ ले गई है।
पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।




















