- जबरन मजदूरी, बिजली के झटके और महिलाओं से दरिंदगी के आरोप; एयर गन से फायरिंग की पुष्टि
सहरसा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत धमसैनी वार्ड 46 स्थित एक ईंट भट्ठे पर हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। भट्ठे पर काम कर रही असम की 35 वर्षीय महिला मजदूर मलिका बीबी को गोली मार दी गई, जिन्हें गंभीर हालत में शहर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भट्ठा संचालक ओवैस करनी उर्फ चुन्ना मियां को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के बाद भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों ने संचालक पर बंधुआ मजदूरी, अमानवीय अत्याचार और महिलाओं के साथ दरिंदगी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। मजदूरों का कहना है कि उन्हें बेहतर मजदूरी का झांसा देकर असम से सहरसा लाया गया था, लेकिन यहां पहुंचते ही उनसे जबरन काम कराया जाने लगा। विरोध करने पर बिजली के झटके दिए जाते थे।
मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि रात के समय महिला मजदूरों को जबरन उनके कमरों से ले जाकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था। बताया जा रहा है कि जब मलिका बीबी ने इन अत्याचारों का विरोध किया, तो उसे एयर गन से गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने भट्ठे से 7 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित थाने लाया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में महिला को एयर गन से गोली लगने की पुष्टि हुई है।
लाइन डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए माइनिंग विभाग की टीम को भी बुलाया गया है। जिस संदिग्ध कमरे में प्रताड़ना की बात सामने आई है, उसे सील किया जाएगा। साथ ही एफएसएल टीम द्वारा मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जाएंगे।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन मजदूरों द्वारा लगाए गए सभी गंभीर आरोपों की गहन जांच में जुटे हुए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।






















