वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति को देखते हुए नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने राजस्व संग्रहण को गति देने के लिए विशेष पहल की है। कंपनी के निर्देशानुसार 27 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक सभी बिजली बिल कलेक्शन काउंटर खुले रखने का निर्णय लिया गया है, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता अपने बकाया बिल का भुगतान कर सकें।
इस संबंध में कंपनी मुख्यालय द्वारा सभी विद्युत कार्यपालक अभियंताओं एवं सहायक अभियंताओं को निर्देश दिया गया है कि इस निर्णय का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। वरीय सहायक विद्युत अभियंता (राजस्व) ने जानकारी देते हुए बताया कि सहरसा जिले में राजस्व वसूली को लेकर सभी संग्रहण काउंटर नियमित रूप से खुले रहेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था भी उपलब्ध है। उपभोक्ता कंपनी की वेबसाइट, सुविधा ऐप तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रूरल रेवेन्यू फ्रेंचाइजी के माध्यम से घर बैठे ही अपने बकाया बिजली बिल का भुगतान कर सकते हैं। खास बात यह है कि ऑनलाइन भुगतान करने पर उपभोक्ताओं को 1.5 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट का लाभ भी दिया जा रहा है।
विद्युत कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि रामनवमी सहित अन्य सार्वजनिक अवकाश के कारण कई उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करने में परेशानी हुई थी। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सहरसा प्रमंडल अंतर्गत सहरसा शहरी, सहरसा ग्रामीण एवं सौर बाजार अवर प्रमंडल के सभी राजस्व संग्रहण काउंटर इस अवधि में खुले रहेंगे।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले अपने बकाया बिजली बिल का भुगतान अवश्य कर दें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके






















