अररिया, 24 मार्च 2026।
जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू एवं व्यावसायिक गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। वर्तमान में गैस आपूर्ति का बैकलॉग 2.1 बताया गया है, जो स्थिति के नियंत्रण में होने का संकेत देता है। जिले में कुल 55 गैस एजेंसियां सक्रिय रूप से कार्यरत हैं और सभी एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस का स्टॉक उपलब्ध है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गैस उपलब्ध कराई जा रही है। शहरी क्षेत्रों में गैस बुकिंग के बाद 25 दिनों के भीतर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के भीतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों एवं छात्रावासों में कॉमर्शियल एलपीजी गैस की नियमित आपूर्ति भी जारी है।
जिला प्रशासन ने अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी नजर रखने की बात कही है। सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं मार्केटिंग ऑफिसर को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर गैस वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न गैस एजेंसियों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।
गैस से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय है। जारी आंकड़ों के अनुसार, 17 मार्च से 24 मार्च 2026 के बीच कुल 134 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 84 शिकायतों का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि शेष 50 शिकायतों को संबंधित एजेंसियों को कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
इसके अतिरिक्त अनुमंडल स्तर पर भी नियंत्रण कक्ष कार्यरत हैं। अररिया अनुमंडल के लिए 06453-222020 तथा फारबिसगंज अनुमंडल के लिए 06455-295202 नंबर जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए सीधे नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।






















