नजरिया न्यूज़, अररिया।
सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत समाहरणालय, अररिया स्थित आत्मन सभागार में जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं। कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनकी क्रमवार सुनवाई की गई।
जनता दरबार में हीरामणि देवी ने एग्रीमेंट के आधार पर प्राप्त जमीन पर घर निर्माण करने से रोके जाने की शिकायत की। वहीं, जगत पासवान एवं अन्य ने एसीपी एवं एमएएसीपी भुगतान से संबंधित मामला उठाया। सुरेंद्र मिश्रा ने हाल में आई आंधी-तूफान से गेहूं एवं मक्का की फसल क्षति की जानकारी देते हुए मुआवजे की मांग की।
इसी प्रकार मोहम्मद अबरार ने अपनी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने अनुरोध किया गया, जबकि गणेश लाल ठाकुर ने जमाबंदी में हेराफेरी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।
जिला पदाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का शीघ्र एवं पारदर्शी समाधान करना है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे, जिन्हें प्राप्त शिकायतों के निष्पादन के लिए जिलाधिकारी द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।






















