नजरिया न्यूज़, अररिया।
विशिष्ट दत्तकग्रहण संस्थान, अररिया के माध्यम से एक चार माह की बच्ची को केरल के एक दंपति को विधिवत गोद दिया गया। जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई, अररिया द्वारा बच्ची को प्री-एडोप्शन प्रक्रिया के तहत दंपति को सौंपा गया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी -सह- विशेष कार्य पदाधिकारी अररिया, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष, जिला बाल संरक्षण इकाई के पदाधिकारी एवं कर्मी, तथा विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान के समन्वयक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई अररिया श्री शंभू कुमार रजक द्वारा बताया गया कि सभी प्रक्रिया को नियमानुसार पूर्ण करने के उपरांत बच्ची को प्री-एडोप्शन के तहत दंपति को सौंपा गया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी संस्थान के माध्यम से दो बच्चियों को बेंगलुरु के अलग-अलग दंपतियों को गोद दिया गया था। जिला प्रशासन द्वारा निरंतर इस दिशा में कार्य करते हुए अनाथ एवं परित्यक्त बच्चों को बेहतर भविष्य प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, बच्ची को गोद लेने आए दंपति ने खुशी और संतोष व्यक्त करते हुए संस्थान एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण और भावनात्मक क्षण है।






















