नजरिया न्यूज़, अररिया।
भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) के सफल संचालन को लेकर अररिया में फील्ड प्रशिक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। जिला पदाधिकारी श्री विनोद दुहन के निर्देशन में समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभा भवन में यह प्रशिक्षण 23 मार्च से 28 मार्च 2026 तक तीन बैचों में आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन अपर समाहर्ता सह जिला जनगणना अधिकारी श्री अनिल कुमार झा ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 पूरी तरह डिजिटल होगी, जिसमें 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के माध्यम से नागरिक स्वयं पोर्टल पर 33 सवालों के आधार पर अपना डेटा अपलोड कर सकेंगे। इसके बाद 2 मई से 31 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर डेटा संग्रह करेंगे।
उन्होंने प्रशिक्षकों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें, क्योंकि उन्हें ही आगे प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करना है। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर सुबोध कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने भी विस्तृत जानकारी दी।
इस मौके पर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्रीकांत पासवान सहित कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।






















