नजरिया न्यूज़, अररिया।
नगर थाना क्षेत्र के बलवा वार्ड संख्या-04 में हुई गृहभेदन और चोरी की बड़ी घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए चोरी गए अधिकांश सामानों की बरामदगी कर ली है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी।
बताया गया कि 21 मार्च 2026 को मो. शाईक आलम (45 वर्ष), निवासी बलवा वार्ड-04 ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि अज्ञात चोरों ने उनके घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बुलेट मोटरसाइकिल, स्कूटी, जेवरात, महत्वपूर्ण दस्तावेज सहित कई घरेलू सामान चोरी कर लिए। इस मामले में नगर थाना कांड संख्या-150/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर छापेमारी करते हुए एक आरोपी मो. सरफराज आलम (21 वर्ष), निवासी बलवा वार्ड-04 को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए अधिकांश सामानों को बरामद कर लिया गया है।
बरामद सामानों में करीब 1 किलो 200 ग्राम चांदी के जेवर, एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल, एक होंडा स्कूटी, दो इन्वर्टर, दो बैट्री, महत्वपूर्ण दस्तावेज जैसे जमीन के कागजात, पासपोर्ट, पेंशन बुक सहित अन्य सामग्री शामिल हैं। इसके अलावा पीतल के बर्तन, बैग, ट्रॉली बैग और अन्य घरेलू उपयोग के सामान भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छापेमारी टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर थाना अध्यक्ष मनीष कुमार रजक, पुलिस अवर निरीक्षक सोनिया साहेनी, अमरेन्द्र कुमार सिंह, राजनारायण यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी और रिजर्व गार्ड शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा बढ़ा है।






















