नजरिया न्यूज़ मंटू राय अररिया
बिहार दिवस 2026 के अवसर पर अररिया जिले में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य समारोह टाउन हॉल परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शनी का उद्घाटन जिला पदाधिकारी अररिया विनोद दूहन, उपस्थित पदाधिकारियों एवं माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया।इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा मीडिया के माध्यम से जिलेवासियों को बिहार दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अररिया में बिहार दिवस बड़े ही उत्साह और धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की ऐतिहासिक विरासत अत्यंत वैभवशाली रही है। यह भूमि सम्राट अशोक और भगवान बुद्ध की तपोभूमि रही है, जहां से शांति और ज्ञान का संदेश पूरे विश्व में प्रसारित हुआ। उन्होंने कहा यहां देश-विदेश के लोग ज्ञान अर्जन के लिए आते थे, और आज उसी स्वर्णिम युग को पुनः स्थापित करने के लिए राज्य के 13 करोड़ लोग मिलकर संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन अररिया सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित करें और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि जब युवा आगे बढ़ेगा, तभी जिला बढ़ेगा और जब बिहार का युवा आगे बढ़ेगा तब बिहार आगे बढ़ेगा।
इससे पूर्व जिलाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। प्रदर्शनी में सामाजिक सुरक्षा कोषांग, बाल संरक्षण इकाई, आईसीडीएस, जीविका, अल्पसंख्यक कल्याण, शिक्षा, डीआरसीसी, स्वास्थ्य, कृषि, आपदा प्रबंधन, निर्वाचन, परिवहन, उद्योग केंद्र, नगर परिषद, डीआरडीए, डेयरी, मत्स्य एवं पशुपालन, मद्य निषेध तथा ऊर्जा विभाग सहित कई विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए।
वहीं, बिहार दिवस के अवसर इस पर उच्च विद्यालय (एच.ई.) अररिया से प्रभातफेरी भी निकाली गई, जो टाउन हॉल परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। प्रभातफेरी में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।कार्यक्रम में जिला स्तरीय सभी वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।






















