संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
अररिया जिला पलासी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पिपरा बिजवार पंचायत के निराकोल वार्ड संख्या 14 कानखुदिया में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संतमंत सत्संग का 16वां वार्षिक अधिवेशन रविवार को भक्ति और आध्यात्मिक माहौल के बीच संपन्न हो गया। अधिवेशन के अंतिम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।
कार्यक्रम में दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने सत्संग में भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। इस मौके पर महर्षिमेही योग आश्रम, बैजनाथपुर सहरसा से पधारे संत सदगुरु महर्षि मेही परमहंस जी महाराज के तपोनिष्ठ, विरक्त एवं सदाचारी शिष्य तथा जिला राष्ट्रीय संतमंत सत्संग के आचार्य पूज्यपाद महर्षि योगानंद परमहंस जी महाराज ने अपने अमृतमय प्रवचनों से श्रद्धालुओं को आत्मज्ञान, भक्ति और सदाचार का संदेश दिया।उन्होंने कहा कि सत्संग के माध्यम से मनुष्य अपने जीवन को सही दिशा दे सकता है और आध्यात्मिक मार्ग पर चलकर आत्मिक शांति प्राप्त कर सकता है। उनके प्रेरणादायक विचारों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
सत्संग के दौरान उपस्थित संतों और विद्वानों ने भी अपने विचार रखे। उनके प्रवचनों से पूरे क्षेत्र का वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो गया। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन और सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का आनंद लिया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मुखिया रामप्रसाद चौधरी लक्ष्मी प्रसाद ठाकुर पैक्स अध्यक्ष राजकपूर राही, पूर्व चेयरमैन दयानंद चौधरी तथा समाजसेवी विनोद शर्मा उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में नैतिक मूल्यों, आपसी प्रेम और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि राष्ट्रीय संतमंत सत्संग जैसे धार्मिक आयोजन लोगों में भाईचारा, सद्भावना और नैतिक जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने आयोजन को सफल और यादगार बना दिया।






















