-विश्व यक्ष्मा दिवस पर सदर अस्पताल से निकली रैली, “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के नारों से गूंजा शहर
सीतामढ़ी। 20 मार्च
विश्व यक्ष्मा दिवस के अवसर पर सिविल सर्जन सीतामढ़ी डॉ. अखिलेश कुमार एवं प्रभारी जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार द्वारा सदर अस्पताल सीतामढ़ी से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस रैली का उद्देश्य आमजन को यक्ष्मा (टीबी) जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना और इसके समय पर उपचार के महत्व को बताना था।
रैली सदर अस्पताल से प्रारंभ होकर हॉस्पिटल रोड, किरण चौक, मेन रोड और बाटा गली होते हुए पुनः सदर अस्पताल परिसर में समाप्त हुई। इस दौरान पूरे मार्ग में “टीबी हारेगा, देश जीतेगा”, “पूरा कोर्स, पक्का इलाज” एवं “टीबी मुक्त सीतामढ़ी” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
इस जागरूकता अभियान में प्रशिक्षु एएनएम, यक्ष्मा कर्मी एवं सहयोगी संस्थाएं जैसे डॉक्टर फॉर यू, केएचपीटी और एचएलएफपीपीटी के प्रतिनिधियों सहित लगभग 150 स्वास्थ्य कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। रैली के माध्यम से लोगों को टीबी के लक्षण, जांच एवं मुफ्त इलाज की सुविधाओं की जानकारी दी गई।
मौके पर सिविल सर्जन ने बताया कि समय पर जांच और पूरा उपचार ही टीबी को खत्म करने का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार के लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और उपचार को बीच में न छोड़ें।
कार्यक्रम में लेखपाल रंजन शरण, डीपीसी रंजय कुमार, एलटी शमीम आजाद, कामेश्वर कुमार रवि, एसटीएलएस संजीत कुमार, गणेश कुमार एवं महेश कुमार सहित कई अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।






















