नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया शहर के पानी टंकी रोड स्थित जयप्रकाश नगर में एक युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मोना कुमारी पिता सूर्य नारायण मंडल कोटिया डिग्री वर्धा थाना अंतर्गत के रूप में की गई है, जो उक्त मोहल्ले में किराए के मकान में रहती थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती का कमरा अंदर से बंद था। घर के पीछे बने हिस्से से झांकने पर पता चला कि वह फांसी के फंदे से लटकी हुई है। इसके बाद आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचने के बाद ही दरवाजा खोला जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। मकान मालिक ने बताया कि बीते कुछ दिनों से एक युवक को युवती के पास आते-जाते देखा गया था, जिससे इस दिशा में आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय निवासी संतोष कुमार साह ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को दे दी गई है और टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता नहीं चल सका है। यह स्पष्ट नहीं है कि युवती ने आत्महत्या किन परिस्थितियों में की या इसके पीछे कोई और कारण है।
पुलिस के पहुंचने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और मामले की जांच शुरू की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।





















