संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
अररिया, 16 मार्च: बाल विवाह के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बथनाहा पंचायत प्रखंड फारबिसगंज और पलासी पंचायत प्रखंड नरपतगंज के मुखिया ने अपने-अपने पंचायतों को बाल विवाह मुक्त घोषित किया है। यह घोषणा जिला प्रशासन, एक्सिस टू जस्टिस, और जागरण कल्याण भारती फारबिसगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान की गई।जागरण कल्याण भारती के अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि अररिया जिला में बाल विवाह पर अंकुश लगाने के लिए रथ यात्रा अभियान की सफलता दिखने लगी है। यह रथ यात्रा अब जिले के सभी पंचायतों में चल रही है, जिसके माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम के लिए लोगों में जागरूकता फैलाई जा रही है।
इस कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने आमजन से बाल विवाह के प्रति सजग रहने और अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने की अपील की। साथ ही, उन्होंने बाल विवाह के मामले की सूचना देने के लिए टॉल फ्री नंबर 1098, 18001027222 और पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 का उल्लेख किया। सूचना देने वाले की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी।बाल विवाह मुक्त पंचायत के रूप में सम्मानित किए गए बथनाहा पंचायत के मुखिया एकलाक और पलासी पंचायत के मुखिया बीबी नौशाबा प्रवीण को अररिया जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक श्री शंभू कुमार रजक ने प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया।कार्यक्रम में संस्था के सदस्य दीपक कुमार पासवान, सोनू कुमार, अंकुश कुमार यादव, संगम लाल पासवान, विक्रम कुमार साह, हेमंत कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।इस पहल के माध्यम से अररिया जिले में बाल विवाह के खिलाफ मजबूत कदम उठाए जा रहे हैं, और यह अभियान पूरी तरह से समुदाय और समाज के सहयोग से सफलता की ओर बढ़ रहा है।





















