नजरिया न्यूज़,
अररिया। भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कहा कि बजट सत्र के दौरान 12 मार्च 2026 को संसद भवन के मकर द्वार के बाहर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सहित कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों के लगभग 20 सांसदों द्वारा चाय-बिस्कुट के साथ तथाकथित “चाय पार्टी” आयोजित करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि संसद देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था है, जिसकी गरिमा और मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है, किंतु इस घटना के माध्यम से संसद परिसर को एक प्रकार से “पार्लियामेंट पिकनिक स्पॉट” बनाने का प्रयास किया गया।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष द्वारा मकर द्वार पर किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन या गतिविधि पर स्पष्ट रोक के बावजूद विपक्षी सांसदों ने वहां बैठकर विरोध का नाटक किया, जो संसदीय नियमों और अध्यक्ष के निर्देशों की खुली अवहेलना है।
उन्होंने कहा कि इस दौरान देश में रसोई गैस की कथित किल्लत को लेकर भी भ्रामक प्रचार किया गया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के प्रत्येक नागरिक तक ऊर्जा सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व रानीगंज विधायक परमानंद ऋषिदेव, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन, कार्यालय मंत्री नीरज कुमार, बाजपेयी मंडल अध्यक्ष दीपक कुमार तथा भाजपा कार्यकर्ता दुलाल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।





















