संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
अररिया जिले के पलासी प्रखंड सभागार में रविवार को अगलगी एवं लू सुरक्षा जागरूकता विषय पर आपदा जोखिम न्यूनीकरण उत्प्रेरक (DRR Catalyst) की जिला स्तरीय क्षेत्रीय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक यूनिसेफ, बिहार इंटर एजेंसी ग्रुप (BIAG) एवं जीपीएसवीएस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई।
बैठक का आयोजन 15 मार्च 2026 को प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जीपीएसवीएस के अध्यक्ष रमेश कुमार सिंह ने की।अध्यक्ष रमेश कुमार सिंह ने अगलगी की घटनाओं से बचाव तथा लू से सुरक्षा को लेकर स्थानीय स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सहभागिता से ही इन आपदाओं के प्रभाव को कम किया जा सकता है।इस मौके पर सरपंच नारायण ठाकुर ने पंचायत स्तर पर अगलगी की घटनाओं को रोकने तथा लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष पहल करने का संकल्प लिया।बैठक में जिला सलाहकार (BIAG) कमल कामत ने अगलगी के कारण, उसके प्रभाव और उससे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी अगलगी की घटना का कारण बन सकती है।उन्होंने लू के कारणों एवं उससे बचाव के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि लू एक स्वास्थ्य जनित आपदा है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों तथा गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों को विशेष रूप से खतरा रहता है।बैठक में प्रखंड पलासी के 35 से अधिक डीआरआर कैटलिस्ट ने भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्र में अगलगी एवं लू से बचाव को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम में प्रमोद कुमार कर्मकार सहित अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे और आपदा से बचाव के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया गया।






















