नजरिया न्यूज़, फारबिसगंज, अररिया।
अररिया जिले के फारबिसगंज में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 250 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई अनुमंडल पदाधिकारी फारबिसगंज के नेतृत्व में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर क्षेत्र के पोखर बस्ती वार्ड संख्या–15 स्थित अंसारी चौक में घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी की सूचना प्रशासन को मिली थी। सूचना के आधार पर प्रशासनिक टीम ने मो. इमरान, पिता मो. साबिर के घर और गोदाम में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वहां से करीब 250 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
जांच में पाया गया कि सिलेंडरों को अनाधिकृत रूप से भंडारित कर कालाबाजारी के उद्देश्य से रखा गया था। प्रशासन की टीम ने मौके पर ही सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडरों को इस प्रकार अवैध रूप से जमा करना और ऊंचे दामों पर बेचना कानूनन अपराध है।
इस मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू तथा व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन और आपूर्ति विभाग लगातार गैस एजेंसियों के माध्यम से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि कहीं भी गैस सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।






















