– 100 हेल्थ वॉरियर्स को आयुक्त ने अपने कर-कमलों से अवार्ड देकर सम्मानित किया
– आशा और कम्युनिटी हेल्थ वर्कर्स इस मिशन की ‘असली रीढ़’
मुजफ्फरपुर।
तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त श्री गिरिवर दयाल सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए सभी को मिशन मोड में काम करना होगा ताकि फैमिली प्लानिंग की सुविधाएँ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े हर पात्र व्यक्ति तक अनिवार्य रूप से पहुँच सकें। उन्होंने जोर देकर कहा कि फैमिली प्लानिंग केवल एक सरकारी प्रोग्राम मात्र नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में तिरहुत प्रमंडल की हेल्थ सर्विसेज को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए विभाग के हर स्तर पर एक्टिव सहयोग और अकाउंटेबिलिटी अपेक्षित है।
गुरुवार को मुजफ्फरपुर के मझौलिया रोड स्थित ‘द एमराल्ड होटल’ में आयोजित एफपीएलएमआईएस (Family Planning Logistics Management Information System) पर प्रमंडलीय स्तरीय ओरिएंटेशन सह सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए आयुक्त ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रोग्राम की सफलता केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने एफपीएलएमआईएस पोर्टल की महत्ता पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि टेक्नोलॉजी के बेहतर उपयोग से कॉन्ट्रासेप्टिव दवाओं और लॉजिस्टिक्स की उपलब्धता को पूरी तरह ट्रांसपेरेंट बनाया जाए, जिससे फील्ड लेवल पर किसी भी प्रकार की कमी न रहे।
आयुक्त ने आशा और कम्युनिटी हेल्थ वर्कर्स को इस मिशन की ‘असली रीढ़’ बताते हुए आह्वान किया कि “सीमित परिवार, सुखी परिवार” के मैसेज को अब एक जन-आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने आगामी फाइनेंशियल ईयर के लिए प्रमंडल के सभी जिलों को निर्धारित टारगेट्स को टाइम लिमिट के भीतर पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान फाइनेंशियल ईयर 2025-26 में फैमिली प्लानिंग सर्विसेज, जैसे महिला व पुरुष नसबंदी, पीपीआईयूसीडी, आईयूसीडी और अंतरा इंजेक्शन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 100 हेल्थ वॉरियर्स को आयुक्त ने अपने कर-कमलों से अवार्ड देकर सम्मानित किया।
पुरस्कृत होने वालों में मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, वैशाली, शिवहर एवं सीतामढ़ी जिलों के सिविल सर्जन से लेकर जमीनी स्तर पर कार्यरत आशा कार्यकर्ता तक शामिल रहीं। कार्यक्रम में टेक्निकल सपोर्ट प्रदान करने वाले डेवलपमेंट पार्टनर पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधियों को भी उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस गरिमामयी समारोह में आरएडी, आरडीडी, आरपीएम सहित प्रमंडल के सभी जिलों के सिविल सर्जन, एसीएमओ, डीपीएम, अस्पतालों के सुपरिटेंडेंट, मेडिकल ऑफिसर और बड़ी संख्या में स्टाफ नर्स और सीएचओ उपस्थित रहे, जिन्होंने आयुक्त के विजन को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया।






















