संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
अररिया जिले के पलासी प्रखंड क्षेत्र के सभी 11 पंचायतों में आगामी 18 मार्च को होने वाले पैक्स चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनाव मैदान में कुल 50 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव को लेकर प्रत्याशियों ने जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।प्रत्याशी अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से समर्थन मांग रहे हैं। गांवों में चुनावी चर्चा का माहौल देखने को मिल रहा है। समर्थकों के साथ प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए अपील कर रहे हैं।
कई जगहों पर छोटे-छोटे जनसंपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। प्रत्याशी किसानों और पैक्स सदस्यों को अपनी योजनाओं और प्राथमिकताओं के बारे में जानकारी दे रहे हैं। वहीं मतदाता भी प्रत्याशियों से विकास और सहकारिता से जुड़े मुद्दों पर सवाल पूछ रहे हैं।इधर प्रशासन भी चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की तैयारी में जुट गया है। प्रखंड स्तर पर चुनाव को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में पैक्स चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। अब सभी प्रत्याशियों की नजर 18 मार्च को होने वाले मतदान पर टिकी हुई है, जिसमें मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर पैक्स प्रतिनिधियों का चयन करेंगे।






















