नजरिया न्यूज़, दरभंगा।
जिले में गंभीर एवं संवेदनशील मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर बुधवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। दिनांक 11 मार्च 2026 को आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक ने की, जिसमें जिले के सभी थानाध्यक्षों तथा अभियोजन शाखा से जुड़े पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य गंभीर आरोपपत्रित कांडों के त्वरित विचारण की प्रक्रिया को तेज करना और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक सूचनाओं को समय पर उपलब्ध कराना था।
बैठक में जिले के सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्र से गंभीर एवं संवेदनशील प्रकृति के आरोपपत्रित मामलों में से पाँच-पाँच कांडों का चयन कर उसका विस्तृत विवरण उपलब्ध कराएं। इन मामलों की जानकारी पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित टीएमएस (TMS) पोर्टल पर अपलोड की जानी है, ताकि इन मामलों की निगरानी और त्वरित सुनवाई सुनिश्चित की जा सके।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों से कहा कि चयनित कांडों की पूरी जानकारी, दस्तावेज एवं संबंधित विवरण समय पर उपलब्ध कराएं, जिससे न्यायिक प्रक्रिया को तेज किया जा सके और पीड़ितों को जल्द न्याय मिल सके।
बैठक में अभियोजन शाखा प्रभारी ने भी उपस्थित अधिकारियों को TMS पोर्टल पर मामलों को अपलोड करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की सूची तथा तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि चयनित मामलों की नियमित समीक्षा की जाएगी और प्रगति की जानकारी समय-समय पर पुलिस मुख्यालय को भेजी जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गंभीर अपराधों के मामलों का त्वरित विचारण कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे अपराधियों में कानून का भय बढ़ेगा और समाज में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।
बैठक के अंत में सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित गंभीर मामलों की समीक्षा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएं। साथ ही अभियोजन शाखा के साथ समन्वय स्थापित कर न्यायिक प्रक्रिया को गति देने का भी निर्देश दिया गया। इस अवसर पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी एवं अभियोजन शाखा के अधिकारी मौजूद रहे।






















