संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
बुधवार को प्रखंड क्षेत्र के बनगामा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में दो महिलाओं सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए पलासी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टरों की टीम ने सभी का प्राथमिक उपचार किया।घायलों में बनगामा निवासी अजीम उद्दीन, मोहम्मद सनोवर तथा महजबी बेगम सहित अन्य लोग शामिल हैं।
बताया जाता है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर बुधवार को कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।मारपीट के दौरान लाठी-डंडे चलने से कई लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया।मौके पर मौजूद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जहांगीर आलम ने बताया कि सभी घायलों का इलाज किया गया है और फिलहाल सभी खतरे से बाहर हैं।घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई है।






















