नजरिया न्यूज़, अररिया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में अररिया जिले का दौरा करते हुए जिले को 546 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की बड़ी सौगात दी। इस दौरान उन्होंने 157 करोड़ रुपये की लागत से 60 योजनाओं का उद्घाटन, 331 करोड़ रुपये की लागत से 6 योजनाओं का शिलान्यास तथा 58 करोड़ रुपये की लागत से 2 योजनाओं का कार्यारंभ किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अररिया के नए पुलिस केंद्र स्थित अररिया पुलिस लाइन में आवासीय एवं गैर-आवासीय भवनों के विद्युतीकरण सहित निर्माण कार्य का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल से ही रिमोट के माध्यम से जिले की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं के शुरू होने से जिले में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की। समीक्षा के दौरान उन्होंने अररिया–कुर्सीकाटा–कुवाड़ी सिकटी पथ के निर्माण कार्य, बैरगाछी से बंगला कोल जाने वाले पथ के 17वें किलोमीटर पर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल एवं पहुंच पथ के निर्माण तथा फारबिसगंज–बथनाहा स्टेशन के बीच कटिहार–जोगबनी रेलखंड पर सुभाष चौक के पास फ्लाईओवर निर्माण कार्य की जानकारी अधिकारियों से ली। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि इन सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने कोसी दुग्ध परियोजना परिसर में दुग्ध शीतक केंद्र अररिया का उद्घाटन किया। यहां उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने दुग्ध उत्पादकों और विशेष रूप से महिला लाभार्थियों से योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली। लाभार्थियों ने बताया कि सरकार की योजनाओं से दुग्ध उत्पादन और आय में वृद्धि हो रही है। मुख्यमंत्री ने “सुधा” ब्रांड के विभिन्न दुग्ध उत्पादों की भी जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि यांत्रिकीकरण मेला का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थियों, साइकिल योजना की छात्राओं तथा स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से लाभान्वित छात्रों से बातचीत की। जीविका दीदियों द्वारा संचालित 6364 स्वयं सहायता समूहों को 239 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक भी प्रदान किया गया। इसके अलावा किसानों को केसीसी लोन, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों को घर की चाबी, दिव्यांगजनों को बैट्री चालित ट्राई साइकिल तथा अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री भी वितरित की गई।
दौरे के अंत में मुख्यमंत्री ने एएनएम, जीएनएम एवं पारा मेडिकल प्रशिक्षण संस्थान सह छात्रावास का उद्घाटन किया और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास के छात्रों से मुलाकात कर उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, लेसी सिंह, लेखेन्द्र कुमार रोशन सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।























