संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
पलासी प्रखंड के हसनपुर गोदान स्थित एसपी एचपी गैस एजेंसी पर रविवार को गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई दिनों से गैस की गाड़ी नहीं पहुंचने के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से गैस की आपूर्ति बाधित रहने के कारण क्षेत्र के लोगों को घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा था। इससे लोगों को खाना बनाने में दिक्कत हो रही थी और कई घरों में वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ रहा था।रविवार को जैसे ही गैस की गाड़ी एजेंसी परिसर में पहुंची, बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए पहुंच गए। देखते ही देखते एजेंसी परिसर में लंबी कतार लग गई और लोगों को अपनी बारी के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
भीड़ अधिक होने के कारण एजेंसी परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी देखी गई। हालांकि एजेंसी कर्मियों ने व्यवस्था बनाकर लोगों को क्रम से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया।एजेंसी के डाटा ऑपरेटर प्रमोद कुमार ने बताया कि आपूर्ति में देरी होने के कारण कुछ दिनों से गैस वितरण नहीं हो पा रहा था। रविवार को गैस की गाड़ी पहुंचने के बाद उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिया जा रहा है।वहीं कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि युद्ध की स्थिति के कारण गैस की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिससे लोगों में चिंता भी देखी गई। हालांकि इस संबंध में एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
स्थानीय उपभोक्ताओं ने गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।























