संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया
पलासी प्रखंड मुख्यालय स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय के अनियमित रूप से खुलने से आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि यह कार्यालय कई दिनों तक बंद रहता है, जिससे दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बाल विकास परियोजना कार्यालय में आंगनबाड़ी, पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य तथा अन्य योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए लोग प्रतिदिन पहुंचते हैं। लेकिन अधिकतर दिनों में कार्यालय का ताला बंद ही मिलता है।लोगों ने बताया कि कई ग्रामीण 5 से 20 किलोमीटर दूर से अपनी समस्या लेकर कार्यालय आते हैं, लेकिन कार्यालय बंद मिलने पर उन्हें बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ता है।
इससे खासकर महिलाओं और जरूरतमंद लाभुकों को ज्यादा परेशानी होती है। सोमवार को भी कार्यालय में ताला बंद देखा गया। हालांकि वहां मौजूद दो सेविकाओं ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि अक्सर कार्यालय बंद ही रहता है और अधिकारी-कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचते है।ग्रामीणों का कहना है कि कार्यालय के नियमित रूप से नहीं खुलने के कारण कई योजनाओं से संबंधित कागजी प्रक्रिया लंबित हो जाती है। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े काम भी प्रभावित होते हैं। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर कार्यालय की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े























