27 विजेताओं को जिला प्रशासन और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया करेगा सम्मानित
वीरेंद्र चौहान नजरिया न्यूज ब्यूरो किशनगंज, 6मार्च।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 08 मार्च 2026 को मेरा युवा भारत (MY Bharat), किशनगंज द्वारा खगड़ा स्टेडियम, किशनगंज में ASMITA लीग (Achieving Sports Milestone by Inspiring Women Through Action) का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन में तथा स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
ASMITA पहल खेलो इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, शारीरिक फिटनेस को प्रोत्साहित करने तथा खेलों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
इस अवसर पर एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें मुख्य रूप से 100 मीटर, 200 मीटर तथा 400 मीटर दौड़ शामिल होंगी। प्रतियोगिताएं तीन आयु वर्गों में आयोजित की जाएंगी—
अंडर-13 वर्ष
13–18 वर्ष
18 वर्ष से अधिक
प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। कुल मिलाकर विभिन्न वर्गों में 27 विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मनोरंजक खेल गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, युवा संगठनों तथा MY Bharat के स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए खेल विशेषज्ञों, तकनीकी अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की टीम भी तैनात रहेगी।
जिला युवा अधिकारी, MY Bharat, किशनगंज ने जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, खेल संस्थानों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें और अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के इस आयोजन को सफल बनाएं।





















