समस्तीपुर/दलसिंहसराय
(राज कुमार सिंह)
अनुमंडल कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार की अध्यक्षता में आगामी 22 मार्च से 24 मार्च तक तीन दिवसीय बिहार दिवस के सफल आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न विभागों के स्टॉल निर्माण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन पर विस्तृत चर्चा एवं विमर्श किया गया। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा कुल 14 विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग का स्टॉल लगाने एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की आयोजन का निर्णय लेते हुए इसके सफल क्रियान्वयन हेतु भूमि सुधार उपसमाहर्ता प्रशांत रमानिया की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया गया।
बैठक में निर्देशित किया गया कि सभी दिवसों पर निजी एवं सरकारी विद्यालय/ महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के द्वारा सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रम की प्रस्तुति की जाएगी। इस हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी को विशेष रूप से निर्देश दिया गया। सभी विभागों के द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल पर संबंधित विभागों को कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करते हुए कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनों को उपलब्ध कराने एवं पर्चा वितरण करने का निर्देश दिया गया। मौके पर बैठक में भूमि सुधार उपसमाहर्ता प्रशांत रमानिया, रवि रंजन कुमार अवध निर्वाचन पदाधिकारी रविरंजन कुमार, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारीविवेक कुमार एवं अनुमंडल स्तर के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।






















