नजरिया न्यूज़, पूर्णिया। पूजा झा
पूर्णिया में आगामी 14 मार्च 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में पूर्णिया के जिला एवं सत्र न्यायाधीश कन्हैया जी चौधरी की अध्यक्षता में न्यायालय परिसर में सभी न्यायिक पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाना तथा अधिक से अधिक वादों का आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से निष्पादन सुनिश्चित करना रहा।
बैठक के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने न्यायालयों में लंबित मामलों की पहचान कर उन्हें लोक अदालत में निपटाने हेतु पक्षकारों को प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि लोक अदालत न्याय पाने का एक सरल, सुलभ और त्वरित माध्यम है, जिसमें समय और धन दोनों की बचत होती है।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पूर्णिया के सचिव ने भी सभी संबंधित लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिन वादों का निपटारा आपसी सहमति से संभव है, उन्हें 14 मार्च 2026 को लोक अदालत में लाया जाए। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में बैंक ऋण, चेक बाउंस, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, भूमि विवाद सहित कई प्रकार के मामलों का समाधान बिना किसी अतिरिक्त खर्च के किया जाता है।
जिला जज ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित तिथि को बिहार न्यायालय पूर्णिया में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित हों। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से यह लोक अदालत न्यायिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगी।






















