नजरिया न्यूज़, जोगबनी। माला मिश्रा।
स्मृति शेष पुत्र अमन मिश्रा की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आभा फाउंडेशन नेपाल की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय और भावनात्मक पहल की गई। बीते डेढ़ दशक से शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में सक्रिय संस्था द्वारा संचालित आमा को माया छात्रावास, विराटनगर में रहने वाले चौथी कक्षा के दो विद्यार्थियों को “अमन मिश्रा छात्रवृत्ति” प्रदान करने की घोषणा की गई।
छात्रवृत्ति पाने वाले विद्यार्थियों में सुनसरी जिला के हरिनगर वार्ड-3 निवासी गजेंद्र साह एवं पांचथर निवासी नवीन लिम्बु शामिल हैं। संस्था द्वारा इन दोनों छात्रों की दसवीं कक्षा तक की संपूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था का खर्च वहन करने का आधिकारिक निर्णय लिया गया, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य की राह प्रशस्त होगी।
कार्यक्रम की शुरुआत अमन मिश्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने एवं दो मिनट का मौन रखकर नमन करने से हुई। इसके पश्चात छात्रावास में रह रहे अन्य बच्चों के बीच कॉपी, किताब, पेन सहित आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर आभा फाउंडेशन की अध्यक्ष आभा अनुपमा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविंद पोखरेल, उपाध्यक्ष कवयित्री पूजा बाहर, सचिव द्वय चांद इराकी व आकाश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष साधना झा सहित संस्था के कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही छात्रावास अध्यक्ष विजय लखोटिया, पूर्व अध्यक्ष शिवरतन जोशी, सचिव मनोज मूंदड़ा, छात्र, कर्मचारी एवं अनेक प्रबुद्धजन कार्यक्रम में शामिल हुए।
सभी वक्ताओं ने इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए कहा कि अमन मिश्रा की स्मृति में किया गया यह प्रयास जरूरतमंद बच्चों के जीवन में नई आशा और ऊर्जा का संचार करेगा। कार्यक्रम के अंत में आभा फाउंडेशन परिवार की ओर से सहयोगकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया।






















