नजरिया न्यूज़ अररिया। विकाश प्रकाश।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अररिया के तत्वाधान में शुक्रवार को व्यवहार न्यायालय परिसर, अररिया में राष्ट्रीय लोक अदालत एवं मेडिएशन फॉर द नेशन विषय पर चर्चा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से होली मिलन समारोह भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रोहित श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय लोक अदालत की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंच आम लोगों को त्वरित, सरल और निःशुल्क न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से मामलों का निष्पादन होने से न्यायालयों पर बोझ कम होता है और पक्षकारों को शीघ्र राहत मिलती है।

मेडिएशन फॉर द नेशन पर चर्चा के दौरान मध्यस्थता प्रक्रिया को विवाद समाधान का प्रभावी माध्यम बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि मध्यस्थता से विवादों का समाधान सौहार्दपूर्ण वातावरण में संभव है, जिससे सामाजिक संबंध भी बने रहते हैं।
इसके बाद आयोजित होली मिलन समारोह में अधिवक्ताओं, विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मियों, मीडियेटरों एवं पत्रकारों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।






















