मिंटू राय अररिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के अररिया में भारत-नेपाल सीमा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-II की समीक्षा बैठक की। इस दौरान अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया।सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने गृह मंत्री के सीमांचल दौरे को ऐतिहासिक और दूरदर्शी बताया।
उन्होंने कहा कि एक सशक्त सीमा ही सुरक्षित भारत की आधारशिला है। केंद्र सरकार सीमांचल क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोडने के लिए प्रतिबद्ध है सांसद ने बताया कि मोदी सरकार के नेतृत्व में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के माध्यम से बिहार के सीमावर्ती गांवों के इंफ्रास्ट्रक्चर, संस्कृति, पर्यटन, जीवन स्तर और आर्थिक उन्नति को सशक्त बनाया जा रहा है। सीमावर्ती गांवों की सुरक्षा और सर्वांगीण विकास मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने आगे कहा कि सीमांचल अब उपेक्षा का क्षेत्र नहीं रहा, बल्कि अवसर और विकास का केंद्र बनेगा। गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में यह क्षेत्र सुरक्षा, विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित करेगा। यह दौरा अमित शाह की तीन दिवसीय बिहार यात्रा का हिस्सा है। इस दौरान उन्होंने सीमांचल क्षेत्र के सात जिलों के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठकें कीं। अररिया में उन्होंने एसएसबी की लेट्टी बॉर्डर आउटपोस्ट का उद्घाटन किया और भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी बढ़ाने तथा घुसपैठ रोकने जैसे मुद्दों पर चर्चा की।वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-II के तहत सीमावर्ती गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देने पर केंद्र सरकार विशेष ध्यान दे रही है। इस पहल का उद्देश्य न केवल सीमा सुरक्षा को मजबूत करना है, बल्कि स्थानीय निवासियों के जीवन स्तर में सुधार लाकर क्षेत्र में स्थिरता और समृद्धि सुनिश्चित करना भी है। सांसद सिंह ने स्थानीय लोगों से आह्वान किया कि वे सरकार की इन योजनाओं से जुड़कर सीमांचल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।






















