नजरिया न्यूज़, सहरसा। विकास कुमार ।
जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यातायात के सुव्यवस्थित प्रबंधन हेतु किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की गई एवं उपयुक्त दिशा निर्देश दिए गए।समीक्षा के क्रम में जाम की समस्या,यातायात के सुव्यस्थित प्रबंधन हेतु जनहित में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध जारी अभियान,सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध अभियान में और तेजी लाने,नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत ट्रैफिक सिग्नल से संबंधित स्थलों पर ट्रैफिक पुलिस को प्रतिनियुक्त करने का निर्णय लिया गया है।सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु जारी प्रयास क्रम में कार्यपालक अभियंता,पथ प्रमंडल को नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत आवश्यकतानुसार जेब्रा क्रॉसिंग संबंधित कार्य को दस मार्च तक अनिवार्य रूप पूर्ण करने हेतु आवश्यक कारवाई का निर्देश दिया गया है।
समीक्षा के क्रम में यह तथ्य उभरकर सामने आया की राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या:327E पर अनियंत्रित परिचालन के कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है,तदनुसार अनियंत्रित परिचालन के विरुद्ध कठोरतम कारवाई सुनिश्चित करने का निर्देश पुलिस उपाधीक्षक यातायात को दिया गया है।बैठक में बायपास में जारी कार्यों की समीक्षा की गई,समीक्षा के क्रम में 15 मार्च तक जीसीबी कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।समीक्षा क्रम में सभी संबंधित तकनीकी विभागों को सड़क सुरक्षा संबंधित लंबित कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार,सिविल सर्जन,जिला परिवहन पदाधिकारी,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।






















