दलसिंहसराय/समस्तीपुर। राज कुमार सिंह।
आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के तत्वावधान में बिहार के 21 जिलों में एक साथ वृहद भूकंपीय मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसी दौरान समस्तीपुर जिले के 8 चिन्हित स्थलों में दलसिंहसराय में गुरुवार को नोडल अधिकारी सह डीसीएलआर प्रशांत रामानिया के नेतृत्व में मॉक ड्रिल के क्रियान्वयन हेतु सुबह 9 बजे शहर के डैनी चौक एवं काली चौक के बीच बने नए रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को मुख्य केंद्र बनाया गया। जहाँ भूकंप के कारण पुल के क्षतिग्रस्त होने और बिजली की लाइनों के टूटने की स्थिति में उनकी त्वरित मरम्मती और आपदा वाहनों की आवागमन पुनःस्थापित करने का पूर्वाभ्यास किया गया। आपदा की सूचना मिलते ही आरसीडी, विद्युत विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आरडब्ल्यू डी की संयुक्त टीम ने त्वरित मरम्मती एवं राहत कार्य शुरू किया। एसडीआरएफ के पर्यवेक्षक ने पूरी प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया।
इसकी जानकारी देते हुए नोडल अधिकारी सह डीसीएलआर प्रशांत रमानिया ने बताया कि उक्त अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा के समय सरकारी विभागों के बीच समन्वय को परखना और आम जनता में सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना था। इस सफल आयोजन ने भविष्य की किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन की तैयारियों को पुख्ता किया। डीसीएलआर प्रशांत रमानिया ने नोडल अधिकारी के रूप में अंतर विभागीय समन्वय स्थापित करवाते हुए मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक संचालन किया।





















